बिहार के जिले में सड़क विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मोतीपुर थाना क्षेत्र के बाजार के पास सोमवार शाम मामूली कहासुनी के बाद एक कार चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सिंगैला शंकर टोला वार्ड-10 निवासी 45 वर्षीय लालबाबू राय के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक के पुत्र गुलशन कुमार के अनुसार, लालबाबू राय मोतीपुर के एक किराना व्यवसायी की कार चलाते थे और उसी दुकान में मजदूरी भी करते थे। सोमवार शाम उनके मालिक को कहीं जाना था, जिसके लिए लालबाबू कार लेकर निकल रहे थे। इसी दौरान सामने से एक अन्य कार गलत दिशा में आने लगी। जब लालबाबू ने उसे सही दिशा में गाड़ी चलाने को कहा, तो बात विवाद में बदल गई।

आरोप है कि दूसरे कार चालक ने गुस्से में आकर अपनी गाड़ी बीच सड़क पर रोक दी और लालबाबू राय को उनकी कार से खींचकर बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें सड़क पर पटककर बेरहमी से पीटा गया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी।

घटना के बाद घायल अवस्था में परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसकी कार की पहचान कर ली गई है।

डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धक्का-मुक्की के दौरान लालबाबू राय सिर के बल गिर गए, जिससे उनकी मौत हुई। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी लगाया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *