पलामू संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने एक अहम पहल की है। नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर उन्होंने क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई।
इस मुलाकात के दौरान सांसद ने पलामू और गढ़वा जिलों में सड़क नेटवर्क को आधुनिक और सुगम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इनसे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के सीलीदाग से पड़वा मोड़ तक करीब 22 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने की मांग रखी। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के तहत गढ़वा फोरलेन बाईपास से रामानुजगंज तक लगभग 48 किलोमीटर सड़क को भी फोरलेन बनाने का प्रस्ताव दिया गया।
इसी कड़ी में गढ़वा-मझिआंव मोड़ से कांडी प्रखंड के श्रीनगर-पडुका ब्रिज तक 40 किलोमीटर सड़क निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। वहीं, एक नई फोरलेन सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जो कर्माकला-छतरपुर बाईपास से जपला, देवरी कला होते हुए देवीपुर (बिहार) तक जुड़ेगी। इस परियोजना में सोन नदी पर एक महत्वपूर्ण पुल का निर्माण भी शामिल है, जिसे पीएम गति शक्ति योजना में शामिल किया जा चुका है।
सांसद ने डालटनगंज में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए नॉर्दर्न बाईपास, कोयल नदी पर उच्चस्तरीय पुल और रेलवे लाइन पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण की भी मांग की। यह बाईपास शहर के विभिन्न इलाकों को जोड़ते हुए यातायात को सुगम बनाएगा और जाम से राहत दिलाएगा।
सांसद ने सभी परियोजनाओं के लिए जल्द डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने और एनएचएआई से प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है। अगर ये योजनाएं जल्द धरातल पर उतरती हैं, तो पलामू और गढ़वा के विकास को नई गति मिलना तय है।
