भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह का ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे और पिछले कुछ समय से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर से परिवार और क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
पिता की गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह को टीम इंडिया का साथ छोड़कर तुरंत स्वदेश लौटना पड़ा था। टी-20 विश्वकप के दौरान चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित एक अभ्यास सत्र में वह हिस्सा नहीं ले पाए थे, जबकि टीम के अन्य खिलाड़ी अभ्यास में जुटे थे। बाद में स्पष्ट हुआ कि उनके पिता की तबीयत नाजुक है और इसी कारण उन्हें घर लौटना पड़ा।
हाल ही में टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी थी कि रिंकू अपने पिता की अस्वस्थता के कारण घर गए हैं और टीम प्रबंधन को उनके जल्द वापसी की उम्मीद है। हालांकि अब पिता के निधन के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि रिंकू आगामी विश्वकप मैचों में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं। इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिंकू सिंह अपने पिता के बेहद करीब माने जाते हैं। उनके क्रिकेट करियर में पिता का बड़ा योगदान रहा है। कठिन परिस्थितियों में भी परिवार ने उनका साथ दिया, जिसका जिक्र रिंकू कई बार सार्वजनिक मंचों पर कर चुके हैं। ऐसे समय में पूरा क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसक इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
