सहरसा जिले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना को गति देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि तथा संबंधित गैस कंपनी के अधिकारी शामिल हुए।


बैठक के दौरान परियोजना की वर्तमान प्रगति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सहरसा शहर में अब तक लगभग 1,500 लोगों ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, जो परियोजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में गैस कनेक्शन के लिए ₹6,500 शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क इंडियन ऑयल के स्कीम A5 के अनुरूप है, जिसमें ₹6,000 रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट और ₹500 रजिस्ट्रेशन फीस शामिल है।


जिला पदाधिकारी द्वारा परियोजना की विस्तृत समीक्षा 23 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे करने का निर्णय लिया गया है। इस बैठक में बिहार सरकार की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन पॉलिसी 2025 के तहत क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा होगी।


इंडियन ऑयल (IOCL) द्वारा PNG योजनाओं में कुछ नए संशोधन भी किए गए हैं। स्कीम A5 के तहत उपभोक्ताओं को ₹6,500 का एकमुश्त भुगतान करना होगा, जबकि स्कीम B5 में ₹1,150 अग्रिम भुगतान के साथ शेष ₹6,000 सिक्योरिटी राशि दो वर्षों तक मासिक किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है। साथ ही, पुराने EMI मॉडल के ग्राहक नई योजनाओं में स्विच भी कर सकेंगे।


प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि CGD परियोजना के लागू होने से शहरवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल गैस आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।

By Indradev Kumar

Patrakar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *