सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है, जहां दिनदहाड़े लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। यह वारदात बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के सफा और बरदाहा गांव के बीच की बताई जा रही है। पीड़ित मोहम्मद इसराइल ने बताया कि वे अपने पुत्र मोहम्मद मोइनुद्दीन के साथ गांव की ओर खासी बकरी खरीदने जा रहे थे।
इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक के बराबर अपनी बाइक लाकर उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पहले हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की और फिर हथियार के बल पर उन्हें धमकाया। इसके बाद बदमाशों ने मोहम्मद इसराइल के ऊपर वाले जेब से पैसे निकाल लिए और फिर नीचे वाले जेब की भी तलाशी लेकर नगदी छीन ली।
जब पीड़ितों ने पैसे देने से मना किया, तो अपराधियों ने बेरहमी दिखाते हुए मोहम्मद इसराइल पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी और आर-पार हो गई। इसके बाद अपराधियों ने उनके पुत्र मोहम्मद मोइनुद्दीन से भी करीब 4500 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अवस्था में ही पीड़ितों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
