भागलपुर के नवगछिया क्षेत्र से एक संवेदनशील और सराहनीय मामला सामने आया है। नवगछिया के राजेंद्र कॉलोनी मैदान, खरनई धार के समीप एक बाज पक्षी अर्धबेहोशी की हालत में पाया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे पहले स्थानीय महिला आशा भगत ने इस स्थिति को देखा और बिना देर किए वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाज पक्षी धीरे-धीरे नदी की ओर बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पक्षी के पानी में चले जाने के कारण प्रयास असफल रहे। स्थिति को देखते हुए कुछ देर बाद वन विभाग की टीम को भी कार्रवाई रोकनी पड़ी, जिससे पक्षी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
इसके बाद मामले की जानकारी नवगछिया के सुप्रसिद्ध सोशल मीडिया एक्टिविस्ट और कलाकार बाबा विस्फोटक निषाद को दी गई। सूचना मिलते ही बाबा विस्फोटक मौके पर पहुंचे और बिना अपनी जान की परवाह किए सावधानीपूर्वक नदी के पानी में कूद गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने अर्धबेहोश बाज पक्षी को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब दो घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी और उत्सुकता का माहौल बना रहा।
बताया गया है कि नवगछिया क्षेत्र में बर्ड फ्लू संक्रमण को लेकर पहले से ही सतर्कता बरती जा रही है। गौरतलब है कि बीते 11 जनवरी को अनुमंडलीय परिसर के मैदान में लगभग डेढ़ सौ कौवे मृत पाए गए थे, जिनकी जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से पूरे इलाके में लगातार सेनेटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
वन विभाग की अधिकारी सोनी कुमारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बाद में बाज पक्षी को सुरक्षित रेस्क्यू कर भागलपुर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पक्षी की चिकित्सकीय जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बर्ड फ्लू की पुष्टि केवल चिकित्सकीय जांच के आधार पर ही की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाज पक्षी अर्धबेहोश और मूर्छित अवस्था में था तथा उड़ने में असमर्थ था। स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ता और वन विभाग की सतर्कता व सहयोग से पक्षी को सुरक्षित बचा लिया गया है। अब आगे की जांच और उपचार के लिए उसे पशु चिकित्सा विशेषज्ञों को सौंप दिया गया है।
