नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि राजद कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनको जहां बुलाएंगे, वे वहां उनसे खड़े होकर विकास पर बहस को तैयार हैं। साथ ही कहा कि गृह केंद्रीय मंत्री अगली बार जब भी बिहार आएं, पूरा अध्ययन करके आएं। झूठे आंकड़े न गिनाएं।
प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में तेजस्वी यादव ने एनसीआरबी रिपोर्ट के आधार पर बिहार में पिछले 20 साल में हुए अपराध के आंकड़े गिनाए। साथ ही रेल मंत्री रहते लालू प्रसाद के योगदान और अपने 17 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां भी बताईं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एनडीए सरकार को बताना चाहिए कि 20 वर्षों में उन्होंने बिहार से पलायन रोकने के लिए क्या किया? बाढ़ नियंत्रण को लेकर सरकार क्या कर रही थी? विश्वविद्यालय छोड़िए, बिहार को कितने केंद्रीय विद्यालय दिये।
जो काम 20 साल में नहीं हुए, उनसे आगे क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री को बताना चाहिए कि मोदी सरकार के 11 साल में अब तक गुजरात को कितना मिला और बिहार को कितना मिला? तेजस्वी ने कहा कि कोर्ट ने जंगलराज को लेकर टिप्पणी नगर निगम के काम को लेकर की थी, जिस पर उस वक्त भाजपा का शासन था। तेजस्वी यादव ने वक्फ संशोधन बिल पर कहा कि यह बिल असंवैधानिक है। यह आरएसएस के एजेंडे को पूरे देश पर थोपने की साजिश है।