रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी ने आईपीएल 2022 के क्वालीफायर 2 में जगह बना ली है, जहां टीम का सामना फाइनल में पहुंचने के लिए राजस्थान रॉयल्स से होगा। आरसीबी ने एलिमिनेटर मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराकर आगे तक का सफर तय किया है। हालांकि, इसी मैच के दौरान आरसीबी के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। इससे पहले कभी भी आईपीएल में ऐसा नहीं हुआ था।
दरअसल, आरसीबी आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाली टीम बन गई है। आरसीबी के गेंदबाजों ने आईपीएल 2022 में 137 छक्के खाए हैं। इससे पहले 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने सबसे ज्यादा छक्के खाने का काम किया था। उस साल 135 छक्के केकेआर के गेंदबाजों को पड़े थे। वहीं, उसी सीजन में 131 छक्के सीएसके ने खाए, जबकि 2020 के सीजन में राजस्थान रॉयल्स 128 छक्के खाए।
एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का शर्मनाक रिकॉर्ड
137 छक्के RCB 2022 में
135 छक्के KKR 2018 में
131 छक्के CSK 2018 में
128 छक्के RR 2020 में
इतना ही नहीं, आरसीबी के दो गेंदबाजों ने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। आईपीएल 2022 से पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ है, जब एक ही टीम के दो गेंदबाजों ने एक सीजन में 28 या इससे ज्यादा छक्के अपनी गेंदों पर खाए हैं। इस सीजन में मोहम्मद सिराज और वानिंदु हसरंगा ने 28-28 छक्के खाए हैं।
एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का रिकॉर्ड
29 छक्के ड्वेन ब्रावो (2018)
28 छक्के युजवेंद्र चहल (2015)
28 छक्के मोहम्मद सिराज (2022)
28 छक्के वानिंदु हसरंगा (2022)