सहरसा जिले के महिषी प्रखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक राशन डीलर पर अभद्र व्यवहार, मारपीट की धमकी और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगा है। पीड़ित ने प्रशासन को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला महिषी प्रखंड का है, जहां निवासी संतोष कुमार चुन्नू ने स्थानीय राशन डीलर अरुण दास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, 31 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे उनके परिवार को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया गया। जब इस बारे में पूछताछ करने के लिए संतोष कुमार चुन्नू डीलर के पास पहुंचे, तो स्थिति विवाद में बदल गई।
आरोप है कि राशन डीलर ने उनकी बात सुनने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी और बार-बार जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद चार अज्ञात व्यक्तियों ने भी उन्हें घेर लिया और मारपीट करने के साथ गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
इस घटना के बाद पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल है। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के कुछ दृश्य वीडियो में भी कैद हैं, जिसमें आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से की जा सकती है।
पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही राशन डीलर का लाइसेंस रद्द करने, SC/ST एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी जल्द और क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
