खबर बिहार के सहरसा जिले से है, जहां जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कई राउंड गोलीबारी की घटनाओं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इन दोनों घटनाओं में दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
पहली घटना कनरिया थाना क्षेत्र के साहपुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार घनश्याम चौधरी किसी काम से अमीन के यहां से लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनसे महफिल में खर्च करने के लिए रुपयों की मांग की। जब घनश्याम चौधरी ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते फायरिंग कर दी। इस दौरान घनश्याम चौधरी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल घनश्याम चौधरी को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं दूसरी घटना काशनगर थाना क्षेत्र के आरसी गांव की है। बताया जा रहा है कि दिलीप यादव पर पुलिस को गुप्त सूचना देने की आशंका जताते हुए बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान करीब चार राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक गोली पास के पेड़ में भी लगी। फायरिंग की इस घटना में दिलीप यादव गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। घायल दिलीप यादव को भी इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल लाया गया है। इस मामले में नीतीश कुमार नामक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर हेडक्वार्टर डीएसपी ने बताया कि दोनों घटनाओं में संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रातभर छापेमारी की है और आगे की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
