खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने लोकसभा में कृषि और किसान कल्याण से जुड़े अनुदानों की मांगों पर अपनी बात रखते हुए केंद्र सरकार की नीतियों का जोरदार बचाव किया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से बोलते हुए उन्होंने किसानों को देश का “भाग्य विधाता” बताया और कहा कि देश की 140 करोड़ आबादी को भोजन देने वाला किसान ही असली राष्ट्र निर्माता है।

 

सांसद वर्मा ने प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि NDA सरकार के कार्यकाल में कृषि क्षेत्र ने नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि “देश तभी आगे बढ़ेगा, जब किसान आगे बढ़ेगा।” उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि किसान हर मौसम में मेहनत कर देश को चलाता है और उसकी समृद्धि ही राष्ट्र की समृद्धि है।

 

वर्मा ने UPA और NDA सरकारों की तुलना करते हुए बताया कि UPA के समय कृषि बजट 27 हजार करोड़ रुपये था, जबकि NDA में यह बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि का भी जिक्र करते हुए कहा कि धान का MSP 1310 रुपये से बढ़ाकर 2369 रुपये किया गया और मक्का पर भी बड़ा इजाफा हुआ है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि UPA सरकार के दौरान स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को नजरअंदाज किया गया, जबकि NDA सरकार ने 2019 में उसे लागू किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि पहले किसानों तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं पहुंचता था, लेकिन अब पैसे सीधे उनके खातों में भेजे जा रहे हैं।

 

विपक्ष पर निशाना साधते हुए वर्मा ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच बड़ी संख्या में किसानों ने आत्महत्या की, जबकि वर्तमान सरकार किसानों का आत्मविश्वास बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के कृषि मॉडल की आलोचना करते हुए कोल्ड स्टोरेज की कमी को किसानों की समस्या बताया।

 

अंत में शायराना अंदाज में उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो काम 60 साल में नहीं हुआ, उसे NDA सरकार ने 11 साल में पूरा कर दिखाया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *