गर्मी के मौसम में लोकल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और परेशानी को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत भरी घोषणा की है। सहरसा, खगड़िया, मुंगेर और जमालपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए नई मेमू पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। यह ट्रेन आगामी 7 अप्रैल से नियमित रूप से संचालित होगी, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे द्वारा शुरू की जा रही यह मेमू पैसेंजर ट्रेन खासतौर पर दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को ध्यान में रखकर चलाई जा रही है। इससे अब सफर अधिक सुविधाजनक, सस्ता और समयबद्ध हो सकेगा।
ट्रेन नंबर 63398 सहरसा-जमालपुर मेमू पैसेंजर सुबह 05:15 बजे सहरसा से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन परमिनिया हॉल्ट, सोनबरसा कचहरी, बाबा रघुनी हॉल्ट द्वारिका, सिमरी बख्तियारपुर, कोपरिया, फंगो, धमारा घाट, बदला घाट, मानसी, खगड़िया, उमेश नगर, सबदलपुर और मुंगेर होते हुए सुबह 08:05 बजे जमालपुर पहुंचेगी।
वापसी में यही ट्रेन जमालपुर से रात 09:45 बजे खुलेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए रात 01:00 बजे सहरसा पहुंचेगी। इस ट्रेन के परिचालन से खासकर उन यात्रियों को राहत मिलेगी जो रोजाना काम या पढ़ाई के सिलसिले में इन शहरों के बीच आवाजाही करते हैं।
मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नई मेमू सेवा शुरू होने के साथ ही पहले से चल रही 05509/05510 सहरसा-जमालपुर स्पेशल ट्रेन की सेवा 7 अप्रैल से बंद कर दी जाएगी।
रेलवे के इस फैसले को यात्रियों के हित में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। गर्मी के मौसम में जहां ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है, वहीं इस नई सेवा से सफर अब ज्यादा सुगम और आरामदायक होने की उम्मीद है।
