पलामू के हुसैनाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां थाना में पदस्थापित एक जिम्मेदार कर्मी पर चाय दुकानदार से रंगदारी मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।

मामला हुसैनाबाद-छतरपुर मुख्य सड़क स्थित पेट्रोल पंप के सामने बाबा चाय दुकान का है। दुकान संचालक शुभम पाठक का आरोप है कि थाना में तैनात कर्मी नर्वदेश्वर सिंह ने उससे हर महीने पांच हजार रुपये देने की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी कर्मी अपने सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी।

 

दुकानदार के मुताबिक विरोध करने पर उसके और उसके भाई के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई। इतना ही नहीं, दुकान बंद कराने और कारोबार नहीं चलने देने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और तनाव में है।

 

घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल वीडियो में कुछ लोग दुकान में घुसकर दुकानदार के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पूरे बाजार में चर्चा तेज हो गई है।

 

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर आरोप सही हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है। कानून व्यवस्था संभालने वाले कर्मी पर ही रंगदारी और मारपीट का आरोप लगना आम जनता के भरोसे को कमजोर करता है।

बाजार के दुकानदारों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अब तक हुसैनाबाद थाना या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *