बिहार के पूर्णिया जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 18 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने NH-31 को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

 

मामला डगरुआ थाना क्षेत्र के विश्वासपुर का है, जहां नमस्कार होटल के पीछे खुशी कुमारी का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान चतरा गांव निवासी सुखदेव चौधरी की पुत्री के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

 

परिजनों के अनुसार, 11 मार्च की रात करीब 11:30 बजे युवती को कथित रूप से प्रेम जाल में फंसाकर घर से बुलाया गया। आरोप है कि चार युवकों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही थाने में युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से घटना ने भयावह रूप ले लिया।

 

जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल चैट और व्हाट्सऐप के जरिए अहम सुराग मिले। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की।

 

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने NH-31 को करीब 4 से 5 घंटे तक जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में पूर्णिया से पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, पूर्णिया भेज दिया है। परिजनों ने चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि पीड़िता को कब और कैसे न्याय मिल पाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *