apnabiharjharkhand

प्रधानमंत्री की अपील का असर, धनबाद में टोटो से कार्यक्रमों में पहुंचे भाजपा विधायक राज सिन्हा


धनबाद :- मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और देश में संभावित ईंधन संकट को लेकर प्रधानमंत्री की ईंधन बचत अपील का असर अब राजनीतिक गलियारों में भी दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री द्वारा अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने और ईंधन की बचत करने की अपील के बाद भाजपा नेताओं ने भी अपने स्तर पर पहल शुरू कर दी है।

इसी क्रम में धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा शुक्रवार को शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए टोटो से निकले। विधायक को टोटो से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचते देख लोगों के बीच इसकी काफी चर्चा होती रही। कई लोगों ने इसे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत करना देशहित में बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल नेताओं के लिए नहीं बल्कि देश के हर नागरिक के लिए है और सभी लोगों को इसकी गंभीरता को समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए बड़े वाहनों का उपयोग करने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि अब वे शहर के अधिकांश कार्यक्रमों में टोटो का इस्तेमाल करेंगे ताकि ईंधन की बचत हो सके और लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश जाए।

विधायक ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत देश की अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव डालती है। ऐसे समय में सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों और साझा वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि जहां संभव हो वहां कम ईंधन खर्च करने वाले साधनों का उपयोग करें।

राज सिन्हा के इस कदम को भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सराहनीय पहल बताया। लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि खुद आगे बढ़कर ऐसे संदेश देंगे तो आम जनता भी प्रेरित होगी और ईंधन बचत अभियान को मजबूती मिलेगी।

संवाददाता – नीतीश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *