सहरसा में भारत की जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में 14 मार्च 2026 को स्थानीय विकास भवन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिला और चार्ज स्तर के अधिकारियों सहित विभिन्न शासकीय पदाधिकारियों के लिए त्रिदिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना से जुड़े कार्यों के समुचित और सुचारु संचालन के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहरसा के जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु, नगर आयुक्त श्री प्रभात कुमार झा, अपर समाहर्ता श्री निशांत, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री संजीव कुमार चौधरी तथा जनसंख्या निदेशालय के सहायक निदेशक श्री राकेश कुमार गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक श्री राजेश कुमार ने अधिकारियों को जनगणना 2027 के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 के बाद अगली दस वर्षीय जनगणना 2021 में आयोजित होनी थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण यह संभव नहीं हो सका। अब जनगणना 2027 के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इस प्रक्रिया के तहत पहली बार परिवारों को एक सुरक्षित वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का विकल्प दिया जाएगा। अंतिम सबमिशन से पहले पर्यवेक्षक क्षेत्र भ्रमण के दौरान दर्ज आंकड़ों का सत्यापन भी करेंगे।
इसके बाद 2 मई से 31 मई 2026 तक डिजिटल मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसके तहत मकानों की गणना वेब एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल तरीके से की जाएगी। साथ ही घर-घर जाकर मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल डाटा संग्रहण किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना कार्य में लगे कर्मी अपने स्मार्टफोन के साथ निर्धारित क्षेत्रों में जाकर घर-घर से जानकारी एकत्रित करेंगे। इस बार जनगणना में पहली बार जातियों की भी गणना की जाएगी।
जनगणना 2027 को पारदर्शी, तेज और अधिक सटीक बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक डिजिटल तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा जनगणना कार्यों की प्रगति की निगरानी केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वास्तविक समय में की जाएगी।
प्रशिक्षण सत्र में वरीय उप समाहर्ता सुश्री सिमरन कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी श्री विशाल राघव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
