भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बिहार दिवस 2026 के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत जिला भू अर्जन पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा द्वारा विगत वर्ष आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम की कार्यवाही पढ़कर सुनाने के साथ हुई। इसके बाद इस वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष बिहार दिवस 2026 का मुख्य कार्यक्रम 22 और 23 मार्च को भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यंजन मेला तथा विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से अलग-अलग विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध प्रतियोगिता, वाक् प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बिहार दिवस के अवसर पर जिले के वैसे विद्यार्थी या व्यक्ति, जिन्होंने किसी भी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मान देकर उनके योगदान को याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों को जिले के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि उन्हें अपने इतिहास और विरासत के बारे में जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यालयों की साफ-सफाई और रंग-रोगन सुनिश्चित करें। साथ ही 22 और 23 मार्च को सभी सरकारी कार्यालयों को नीले प्रकाश से रोशन किया जाएगा। कार्यक्रम में एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और एनवाईके से जुड़े संस्थानों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी रतन कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
