टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। इस हाई-वोल्टेज मैच पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। हर भारतीय फैन चाहता है कि टीम इंडिया इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचे और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करे। इसी को लेकर देशभर में दुआओं और प्रार्थनाओं का दौर भी शुरू हो गया है। वाराणसी में नमामि गंगे की टीम और क्रिकेट प्रेमियों ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विशेष आरती कर भारत की जीत की कामना की।
वाराणसी के ललिता घाट पर नमामि गंगे की टीम और बड़ी संख्या में क्रिकेट फैंस जुटे। यहां बाबा विश्वनाथ के दरबार के पास खड़े होकर विशेष आरती उतारी गई। इसके साथ ही मां गंगा की आरती कर टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की गई। फैंस का कहना है कि पूरे देश की उम्मीदें भारतीय टीम से जुड़ी हुई हैं और सभी चाहते हैं कि भारत इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचे।
इस दौरान लोगों के हाथों में भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीरें, क्रिकेट बैट और गेंद भी दिखाई दिए। घाट पर शंखनाद किया गया और “चक दे इंडिया”, “जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से टीम इंडिया की जीत की दुआ करते नजर आए।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर राजीव शुक्ला ने कहा कि अगर भारत को फाइनल का टिकट चाहिए तो इंग्लैंड को हराना ही होगा। उन्होंने कहा कि आज 140 करोड़ भारतीयों की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी हुई हैं और सभी को टीम इंडिया से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
भारत इससे पहले भी टी20 विश्व कप का खिताब जीत चुका है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को भरोसा है कि टीम इंडिया इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंचेगी और एक बार फिर विश्व कप भारत लाने का सपना पूरा करेगी।
