*सहरसा:* जन सुराज पार्टी के संस्थापक **प्रशांत किशोर** ने गुरुवार को सहरसा जिले के **महिषी विधानसभा क्षेत्र** में जन सुराज प्रत्याशी **शमीम अख्तर** के समर्थन में भव्य **रोड शो** किया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़क पर उमड़ पड़े। जगह-जगह किशोर का फूल-मालाओं से स्वागत हुआ और माहौल पूरी तरह जन सुराज के नारों से गूंज उठा।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने जनता को संबोधित करते हुए बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “**लालू यादव और नीतीश कुमार की जोड़ी ने 30 सालों में बिहार को बर्बाद कर दिया।** राजद के शासन में इन लोगों ने जानवरों का चारा तक खा लिया और जेल भी गए, अब वही लोग फिर से बिहार सुधारने की बात कर रहे हैं। जो इतने सालों तक जनता को लूटते रहे, वे अब कभी नहीं सुधर सकते।”

 

नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए पीके ने कहा, “अगर नीतीश कुमार फिर से सत्ता में आए तो **भ्रष्टाचार, पेपर लीक और लाठीचार्ज की संस्कृति जारी रहेगी।** आज बिहार की शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। यह सरकार जनता से वादे कर सिर्फ कुर्सी बचाने में लगी है।”

 

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि “अब बिहार को **नई सोच और साफ नीयत** की जरूरत है। जन सुराज का मकसद सिर्फ सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि व्यवस्था में सुधार लाना है। बिहार की जनता अब झूठे वादों और जातीय राजनीति से ऊपर उठकर बदलाव की तरफ कदम बढ़ा रही है।”

 

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि वे **जन सुराज प्रत्याशी शमीम अख्तर** को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि बिहार में **ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह राजनीति** की शुरुआत हो सके।

 

महिषी में हुए इस रोड शो को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि प्रशांत किशोर का यह दौरा कोसी क्षेत्र में जन सुराज के लिए बड़ा जनसंपर्क अभियान साबित हो सकता है और पार्टी को नई गति दे सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *