धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित टांडाबस्ती में हुए दर्दनाक भू-धसान हादसे के बाद राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत और उचित पुनर्वास की मांग की।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सरयू राय ने राज्य की सियासत पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने हेमंत सोरेन को कांग्रेस और भाजपा से अलग नई सरकार बनाने का ऑफर दे दिया। राय ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में यह संभव है और वे खुद समेत कुछ अन्य विधायक बिना शर्त समर्थन देने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “अगर हेमंत सोरेन चाहें तो बिना कांग्रेस और भाजपा के भी सरकार बना सकते हैं। हम जैसे कुछ विधायक उन्हें समर्थन देंगे।” हालांकि उन्होंने यह भी माना कि ऐसी सरकार शुरुआत में थोड़ी अस्थिर हो सकती है, लेकिन समर्थन के जरिए उसे स्थिर किया जा सकता है।
सरयू राय ने कांग्रेस और जेएमएम के बीच चल रही खींचतान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां गठबंधन की संभावना होती है, वहां कांग्रेस अपने सहयोगियों को हिस्सेदारी देती है, लेकिन कई बार यह रणनीति उलटी भी पड़ती है। उन्होंने बिहार और असम चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि सहयोगी दलों के बीच तालमेल की कमी साफ दिख रही है।
इसके अलावा उन्होंने बयानबाजी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकारियों को “माफिया” कहना अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री पर ही सवाल खड़ा करता है। ऐसे में अगर हेमंत सोरेन अपने राजनीतिक कद को बड़ा मानते हैं, तो उन्हें नए विकल्प पर विचार करना चाहिए।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या हेमंत सोरेन इस प्रस्ताव पर कोई कदम उठाते हैं या फिर चुनाव के बाद राजनीतिक समीकरण फिर से बदलते हैं।
