बोकारो से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि क्रॉस फायरिंग के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह मुठभेड़ बालीडीह ओपी क्षेत्र के गोडाबाली पहाड़ी इलाके में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि बोकारो में हाल के दिनों में अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह द्वारा लगातार व्यवसायियों से रंगदारी मांगने की शिकायतें मिल रही थीं।
इसी मामले में पुलिस ने पहले ही सात अपराधियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रिंस गुप्ता ने खुलासा किया कि उसने हथियार गोडाबाली पहाड़ी में छुपा रखा है। इसके बाद पुलिस टीम बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में उसे लेकर मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के दौरान प्रिंस गुप्ता ने पहले एक पिस्टल पुलिस को सौंप दी, लेकिन अचानक मौके का फायदा उठाते हुए उसने दूसरे पिस्टल से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हमले में पुलिस के जवान और अधिकारी बाल-बाल बच गए, हालांकि पुलिस की गाड़ी में गोली लगने की पुष्टि हुई है।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे मौके से हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता और उसके सहयोगी बोकारो के व्यवसायियों के मोबाइल नंबर अमन साहू और प्रिंस खान गिरोह को उपलब्ध कराते थे, जिसके बाद उन्हें धमकी देकर रंगदारी की मांग की जाती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
