झारखंड के रामगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भुरकुंडा थाना क्षेत्र के दुमुहानी में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्यों की तलाश में गश्त कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, पतरातू क्षेत्र में लगातार लेवी और रंगदारी को लेकर आतंक फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। एक दिन पहले ही पुलिस ने इस गैंग के सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी कड़ी में देर रात पुलिस टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
बताया जा रहा है कि पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, भदानी नगर ओपी प्रभारी अख्तर अली और भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र गुप्ता एक ही वाहन में सवार होकर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दुमुहानी इलाके में पुलिस को देखते ही गैंग के सक्रिय अपराधी सनी सिंह ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया।
हालांकि, पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अपराधी सनी सिंह घायल हो गया, जिसे पैर में गोली लगी है। उसे तुरंत इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके से पुलिस ने दो पिस्टल और कई खोखे बरामद किए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधी बड़ी वारदात की फिराक में थे। इस मुठभेड़ में पुलिस टीम बाल-बाल बच गई, क्योंकि अपराधियों ने सीधे वाहन को निशाना बनाकर फायरिंग की थी।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के एसपी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इलाके में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
फिलहाल, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
