बिहार के सहरसा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में महिषी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है और चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस को सूचना मिली थी कि महिषी थाना क्षेत्र के महुरा गांव स्थित बाबा खिरहर मंदिर के समीप कुछ दुकानों में चोरी-छिपे गांजा बेचा जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए महिषी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सशस्त्र बल के साथ मौके पर छापेमारी की। जैसे ही पुलिस टीम मंदिर के पास पहुंची, वहां मौजूद कुछ लोग पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस बल की तत्परता से चारों संदिग्धों को मौके से ही पकड़ लिया गया।

 

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने गांजा बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद जब दुकानों की विधिवत तलाशी ली गई तो अलग-अलग दुकानों से प्लास्टिक की थैलियों और बोरे में छुपाकर रखा गया कुल 9.985 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे को जब्त कर सभी अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया।

 

इस मामले में महिषी थाना कांड संख्या 29/2026, दिनांक 03 फरवरी 2026 के तहत NDPS Act की धारा 8/20(B)(ii)(B) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

 

बुधवार को सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। एसडीपीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *