apnabiharjharkhand

इटली में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, मेलोनी बोलीं – “वेलकम माय फ्रेंड”, भारत-इटली रिश्तों को मिली नई मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे, जहां उनका भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने रोम पहुंचने पर पीएम मोदी का खास अंदाज में स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा – “रोम में स्वागत है, मेरे दोस्त!”

 

रोम के ऐतिहासिक कोलोसियम में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर भी साझा की, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।

 

इधर, रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। होटल में भारतीय संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की, बच्चों से बातचीत की और एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने उनकी तस्वीर लेकर स्वागत किया था।

 

प्रधानमंत्री से मिलने वालों में स्वामिनी स्वामिनी शुद्धानंद गिरी भी शामिल रहीं। उन्होंने कहा कि यह 2021 के बाद पीएम मोदी से उनकी दूसरी मुलाकात है। उन्होंने दावा किया कि इटली की संसद ने सनातन धर्म संघ को आधिकारिक धर्म के रूप में मान्यता दी है।

 

इस दौरान एक इटैलियन कलाकार ने वाराणसी के घाटों पर आधारित अपनी पेंटिंग पीएम मोदी को दिखाई। कलाकार ने कहा कि भारतीय संस्कृति से प्रेरित होकर बनाई गई यह पेंटिंग उनके लिए भारत और इटली के बीच सांस्कृतिक पुल की तरह है। पीएम मोदी ने कलाकार से बातचीत की और पेंटिंग की सराहना की।

 

प्रधानमंत्री के स्वागत में संगीत प्रस्तुति देने वाले कलाकारों ने राग हंसध्वनि पर आधारित पारंपरिक धुन पेश की। कलाकारों ने कहा कि वे भारतीय कला और संस्कृति को पूरे यूरोप में फैलाने के लिए प्रेरित महसूस कर रहे हैं।

 

पीएम मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और इटली के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *