देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री 13 मार्च 2026 को (PM-Kisan) की 22वीं किस्त जारी कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी रिमोट का बटन दबाकर किसानों के बैंक खातों में सीधे ₹2000-₹2000 ट्रांसफर करेंगे।
हालांकि इस बार भी लाखों किसानों को किस्त मिलने में परेशानी हो सकती है। सरकार ने अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए नियमों को पहले से अधिक सख्त कर दिया है। ऐसे में जिन किसानों की कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं है, उनकी किस्त अटक सकती है।
सबसे बड़ी वजह e-KYC है। सरकार ने सभी लाभार्थियों के लिए e-KYC अनिवार्य कर दिया है। जिन किसानों ने अभी तक पीएम किसान पोर्टल या नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर e-KYC अपडेट नहीं कराया है, उन्हें 22वीं किस्त का लाभ नहीं मिलेगा।
दूसरी महत्वपूर्ण शर्त लैंड सीडिंग (Land Seeding) है। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने भूमि सत्यापन को अनिवार्य कर दिया है। यदि आवेदन में भूमि सत्यापन के सामने “No” दिख रहा है, तो पैसा ट्रांसफर नहीं होगा। इसके लिए किसानों को अपने क्षेत्र के लेखपाल या कृषि विभाग से संपर्क कर दस्तावेज सत्यापित कराने होंगे।
इसके अलावा आधार और बैंक खाते में नाम का अंतर भी भुगतान रुकने की एक बड़ी वजह बन सकता है। कई बार आधार कार्ड और बैंक पासबुक में नाम की स्पेलिंग अलग होने से ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है। इसलिए बैंक खाते का आधार से लिंक होना भी जरूरी है।
सरकार ने अपात्र लोगों पर भी सख्ती शुरू कर दी है। यदि परिवार का कोई सदस्य आयकर देता है या सरकारी नौकरी में है, तो ऐसे लोग इस योजना के पात्र नहीं हैं। गलत तरीके से योजना का लाभ लेने वालों से सरकार अब पैसे की रिकवरी भी कर रही है।
किसान भाई किस्त आने से पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर अपना स्टेटस जरूर जांच लें। “Know Your Status” विकल्प में रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर देखें कि e-KYC, Eligibility और Land Seeding तीनों के सामने “Yes” का हरा निशान लगा हो। अगर कोई कमी है तो तुरंत सुधार करा लें, ताकि 13 मार्च को आने वाली किस्त बिना किसी रुकावट के आपके खाते में पहुंच सके।
