भागलपुर से गर्व की खबर सामने आई है, जहां बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित 12वीं यानी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में पीरपैंती प्रखंड की छात्रा आरजू खातून ने शानदार सफलता हासिल की है। पीरपैंती बाजार स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आरजू ने कला संकाय में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
आरजू खातून ने 500 में से 460 अंक प्राप्त किए हैं, जो कुल 92 प्रतिशत है। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, लोगों ने आरजू को बधाई देना शुरू कर दिया और उनके घर पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने आरजू को प्रखंड कार्यालय बुलाकर अंगवस्त्र और बुके देकर सम्मानित किया। उन्होंने आरजू की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है।
आरजू खातून ने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी को दिया है। उन्होंने बताया कि वे रोजाना करीब आठ घंटे पढ़ाई करती थीं और लगातार मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपने छोटे भाई मो. आदिल को अपनी प्रेरणा का स्रोत बताया और कहा कि उसके सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
आरजू का सपना है कि वह आगे चलकर एक शिक्षक बने और समाज में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे। उनकी यह सोच और लक्ष्य अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने कहा कि आज के समय में जहां युवा सोशल मीडिया में ज्यादा समय बिताते हैं, वहीं आरजू जैसी छात्रा का समर्पण और अनुशासन एक मिसाल है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी आरजू से प्रेरणा लेने की अपील की।
इस मौके पर मानिकपुर के मुखिया अरविंद साह, समाजसेवी अजहर शेख, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविशंकर सिन्हा, जानिसार असलम, शिक्षक रवि कुमार, मो. लाल और मो. सोनू सहित कई गणमान्य लोगों ने मिठाई खिलाकर आरजू को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
