गोपालपुर में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है, इसलिए इसे शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी पर भी जबरन रंग या गुलाल न लगाएं। डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और पकड़े जाने पर डीजे जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार गश्त करेगा और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में राघवेंद्र कुमार, अश्विनी कुमार, नगीना पासवान, अजय चौधरी, निकेत बिहारी, देवन तथा राजाराम मिस्त्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।
इधर, होली को लेकर शनिवार को घोघा थाना परिसर में भी थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इस बैठक में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीणों ने भाग लिया। विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें शांतिपूर्ण माहौल में होली संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और निगरानी की पाली मजबूत करने की मांग की। इस पर थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त करेगी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
मौके पर अरविंद यादव, ब्रजेश मंडल, बब्लू यादव, संजय यादव, गजेंद्र दूबे, आकाश उर्फ टिंकू, प्रताप यादव, रिंकू चौधरी, राकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शांतिपूर्ण और सुरक्षित होली मनाने का संकल्प लिया।
