राजधानी पटना में बुधवार तड़के पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में घायल कर दिया। यह घटना बेऊर थाना क्षेत्र के सिपारा से सटे कृषि फार्म के पीछे स्थित एक आम के बगीचे में हुई, जहां पुलिस टीम हथियार बरामद करने पहुंची थी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी दिलीप कुमार को पहले ही रामकृष्ण नगर इलाके में हुए एक ज्वेलरी शॉप लूटकांड में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया था कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बगीचे में छिपा रखे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे लेकर मौके पर पहुंची।

बरामदगी के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई, जब आरोपी ने छिपाए गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप कुमार के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि पुलिस ने संयम और सतर्कता के साथ कार्रवाई की, जिससे बड़ी घटना टल गई। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है।

वहीं, इस लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही, घटनास्थल पर हथियारों की तलाश और बरामदगी की प्रक्रिया अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *