रालोजपा प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने सोमवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी का आज से एनडीए से कोई नाता-रिश्ता नहीं रहेगा। हम राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर पार्टी संगठन को मजबूत करेंगे।
विस चुनाव का समय नजदीक आएगा तब जिस गठबंधन में उचित सम्मान मिलेगा, उसके साथ होंगे। हम नया बिहार बनाएंगे। श्री पारस रालोजपा और दलित सेना की ओर से बापू सभागार में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर आयोजित संकल्प महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को भारत रत्न सम्मान दे। बिहार सरकार से इसकी अनुशंसा केंद्र को भेजने की भी मांग की। कहा कि शराबबंदी कानून के तहत छह लाख दलित-गरीब जेलों में बंद हैं, जिन्हें शीघ्र रिहा करे सरकार। निजी सेवा में भी आरक्षण लागू करने की मांग की। अधिकतर जिलों में जनता सरकार बदलने के मूड में है। केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सूरजभान सिंह ने कहा कि 2025 चुनाव तक स्व रामविलास पासवान का परिवार अगर मिल जाए तो अच्छी बात होगी। हम इस परिवार का बहुत सम्मान करते हैं, यह परिवार हमसे कुछ मत बोलवाए।