नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित दलित टोला में दहशत फैलाने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव में खुलेआम गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है। पीड़ित दलित टोला निवासी राजकिशोर पासवान ने गांव के ही शिवा यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि केस वापस लेने के दबाव में आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी शिवा यादव ने गाली-गलौज करते हुए लगातार चार राउंड फायरिंग की। इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोपी को तीन से चार बार लगातार गोली चलाते हुए साफ तौर पर देखा और सुना जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
राजकिशोर पासवान ने बताया कि 27 जनवरी को आरोपी ने उनके पुत्र के साथ गाली-गलौज की थी। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन करीब एक घंटे बाद आरोपी दोबारा दलित टोला पहुंचा और राजकिशोर पासवान पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना को लेकर भवानीपुर थाना में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पीड़ित का आरोप है कि उसी दर्ज केस को वापस लेने के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था। जब पीड़ित पक्ष ने समझौता करने से इनकार किया, तो आरोपी ने खुलेआम फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के बाद से दलित टोला के लोग सहमे हुए हैं और अपने घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
मामले पर भवानीपुर थानाध्यक्ष शुभम पासवान ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वायरल वीडियो ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिला पाती है।
