भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत अकबरनगर श्रीरामपुर और धांधी बेलारी में पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। मतदान की पूरी प्रक्रिया मतदान पदाधिकारी संजीव कुमार की देखरेख में संपन्न हुई, जहां प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
मतदान समाप्त होते ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद दोनों पंचायतों के परिणाम घोषित कर दिए गए। अकबरनगर श्रीरामपुर पैक्स अध्यक्ष पद पर विकेश कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 37 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, धांधी बेलारी पैक्स अध्यक्ष पद पर दिलीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 वोटों के अंतर से विजय हासिल की। दोनों विजेताओं को आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रशासन की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि उधाडीह पंचायत में कॉलम में तकनीकी कमी के कारण चुनाव नहीं कराया जा सका। इस संबंध में विभाग को पत्र लिखकर सूचित कर दिया गया है और जल्द ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इसके अलावा गनगनिया, जहांगीरा, मसदी और भवनाथपुर पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनाव होने की जानकारी भी दी गई। इन सभी निर्वाचित अध्यक्षों को भी बुलाकर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
विजय की घोषणा के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया। समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों को अबीर-गुलाल लगाकर और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
इस मौके पर विजयी उम्मीदवार विकेश कुमार और दिलीप यादव ने कहा कि वे सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे और किसानों के हित में हर संभव प्रयास करेंगे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्जनों कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे, जिससे चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकी।
