एक हजार पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) को पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) की जिम्मेदारी दी जाएगी।

पुलिस मुख्यालय वर्ष 2009 बैच के दारोगा को यह जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी कर रहा है।

इसके लिए दारोगा के वरीयता निर्धारण, सेवा इतिहास, सेवा के दौरान उपलब्धि और उनके कार्य व्यवहार सहित अन्य योग्यताओं की जांच की जा रही है।

सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने पुलिस मुख्यालय में बताया कि वर्ष 2009 बैच में कुल 2353 दारोगा हैं।

इनके अंतिम वरीयता निर्धारण के बाद करीब एक हजार दारोगा को कार्यकारी व्यवस्था के तहत यह जिम्मेदारी दी जाएगी।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इस व्यवस्था के मद्देनजर वर्ष 2009 बैच के दरोगा की संशोधित वरीयता सूची जारी कर दी गयी है। इस सूची पर तीन दिनों में आपत्ति मांगी गयी है।

राज्य के विभिन्न जिलों के थानों व अन्य कार्यालयों में तैनात इस बैच के दारोगा पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम में ई-मेल से आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक (कार्मिक) को भी ई-मेल से सूचित कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक के माध्यम से भी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों पर विचार कर अंतिम निर्णय लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *