आनंदराम ढांढानियां सरस्वती विद्या मंदिर में हिंदी दिवस मनाया गया। इसके तहत विद्यालय के बच्चों के बीच गुरुवार को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। बच्चों में हिंदी के प्रति प्रेम, रुचि एवं सीखने की जिज्ञासा बढ़े तथा निज भाषा का गौरव हो इसके लिए हिंदी के महत्व को विस्तार से बताया गया।
पूरे राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने वाली सुंदर, सुमधुर कर्णप्रिय भाषा हिंदी के साहित्यकारों एवं उनके अनमोल कृतियों के बारे में भी बच्चों को बताया गया। साथ ही बहन आकांक्षा ने काव्य लेखन ,कहानी लेखन एवं व्याकरण की शुद्धता से जुड़ी तथ्यों को प्रस्तुत किया।
विद्यालय के आचार्यों के बीच में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने कहा कि राष्ट्र के उत्थान के लिए निज भाषा का गौरव होना जरूरी है । सभी भाषाओं का अपना महत्व है। हिंदी सभी भारतीयों की पहचान है। कार्यक्रम डॉ मनोज कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।