बबा बख्तौर सेवा संस्थान (ISBALK) के पदाधिकारियों ने रविवार को नागालैंड के नव नियुक्त राज्यपाल नंद किशोर यादव से पटना स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी। इस अवसर पर संस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और लोक देवता बबा बख्तौर का तैल चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

 

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार यादव ने किया। उनके साथ संस्थान के उपाध्यक्ष तथा ऑल इंडिया रेडियो के उच्च श्रेणी प्राप्त कलाकार और बिहार सरकार द्वारा बिहार कला पुरस्कार से सम्मानित लोक गायक उमाकांत बरुआ, कोषाध्यक्ष एवं मेक्सो हॉस्पिटल के सीएमडी डॉ. विक्रम कुमार, बबा बख्तौर पदावली पुस्तक के लेखक, लोक गायक, साहित्यकार एवं कवि डॉ. शम्भू यादव संगम, प्रदेश महासचिव धीरेन्द्र यादव तथा पटना जिला उपाध्यक्ष मंटू कुमार भी मौजूद रहे।

 

मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि नंद किशोर यादव का सार्वजनिक जीवन लंबे समय से जनसेवा और सामाजिक समर्पण का उदाहरण रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नागालैंड के राज्यपाल के रूप में भी वे अपनी सादगी, अनुभव और नेतृत्व क्षमता से राज्य के विकास तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

इस दौरान संस्थान के सदस्यों ने लोक देवता बबा बख्तौर की जीवन परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि बबा बख्तौर ने अपने पूरे जीवन में मानवता, समानता और सच्चाई के मार्ग पर चलते हुए समाज के दलित और वंचित वर्गों को संबल प्रदान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नंद किशोर यादव भी उच्च पद पर आसीन होकर इसी भावना के साथ समाज की सेवा करते रहेंगे और लोगों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

 

मुलाकात के दौरान राज्यपाल नंद किशोर यादव ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और संस्कृति से जुड़े संगठनों का सहयोग और आशीर्वाद उन्हें नई जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य रहा है और आगे भी वे इसी भावना के साथ कार्य करते रहेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *