बिहार की राजनीति में जारी अटकलों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की है। साथ ही यह भी कहा है कि बिहार में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। नीतीश कुमार के इस बयान के बाद राज्य की सियासत और भी गरमा गई है।

 

नीतीश कुमार ने अपने संदेश में बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से जनता ने उन पर विश्वास और समर्थन बनाए रखा है। इसी भरोसे और सहयोग के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा से बिहार और यहां के लोगों की सेवा करने का प्रयास किया है।

 

उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन की ताकत से ही आज बिहार विकास और सम्मान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए वह पहले भी कई बार बिहार की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त कर चुके हैं।

 

नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए लिखा कि जब उन्होंने संसदीय जीवन की शुरुआत की थी, तभी से उनके मन में एक इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वह इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा जता रहे हैं।

 

उन्होंने अपने संदेश में यह भी भरोसा दिलाया कि बिहार की जनता के साथ उनका रिश्ता आगे भी पहले की तरह बना रहेगा। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार बनाने का जो संकल्प उन्होंने लिया है, वह आगे भी जारी रहेगा।

 

नीतीश कुमार ने स्पष्ट कहा कि राज्य में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं और अब सभी की नजरें राज्यसभा चुनाव और राज्य की अगली राजनीतिक स्थिति पर टिकी हुई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *