मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सासाराम और बिहारशरीफ की घटना पर कहा कि बिहार में हिंसा कराई गई। माहौल खराब करने की साजिश की गई है। इसकी जांच चल रही है। एक-एक घर में प्रशासन जा रहा है। हिंसा का सच जल्द सामने आएगा। सारे अधिकारियों को हमने कह दिया है कि जितने लोग इसमें संलिप्त हैं, चाहे वे किसी भी कम्यूनिटी के हों, किसी भी जाति के हों, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
सीएम बुधवार को पटना में पूर्व उपप्रधानमंत्री जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। कहा कि पूरे देश में क्या हो रहा है देख लीजिए। सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप दुष्प्रचार हो रहा है। बिना किसी का नाम लिए कहा कि दो लोग हैं। एक राज कर रहा है और दूसरा उसके साथ एजेंट है। वह मिलकर इधर-उधर कर रहा है। उन्होंने कहा, बिहार में कभी कुछ होता ही नहीं है, सबलोग अलर्ट रहते हैं।
अचानक कहीं कुछ किया गया तो प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। हमलोग भी नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने सही तरीके से सब संभाला है। दो जगहों पर जो हुआ उसके साथ पूरे बिहार पर नजर है। हमने तुरंत मीटिंग की थी। कहा कि बिहारशरीफ नामकरण किसने किया है? हम ही किए बिहारशरीफ। पहले इसे सिर्फ बिहार बोला जाता था।