भागलपुर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पटना में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण भागलपुर में भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ जुटने लगी थी।

 

जैसे ही नितिन नवीन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ ली, भागलपुर में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ खुशी का इजहार किया। शपथ ग्रहण के बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की और इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। इस दौरान “भाजपा जिंदाबाद” और “नितिन नवीन जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

 

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी ने एक युवा और ऊर्जावान नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर बड़ा और सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि महज 45 वर्ष की उम्र में नितिन नवीन को यह अहम जिम्मेदारी सौंपना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को अवसर देने की नीति पर लगातार काम कर रही है। संतोष साह ने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।

 

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर, एमएलसी डॉ. एन.के. यादव, भाजपा नेता बंटी यादव, चंदन ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपने नेता के प्रति समर्थन और उत्साह का प्रदर्शन किया।

 

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नितिन नवीन को पहले भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। अब उन्हें पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि युवा नेतृत्व के साथ भाजपा आने वाले समय में संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होकर सामने आएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *