भागलपुर। पीरपैंती प्रखंड में नीति आयोग की टीम ने विभिन्न विभागों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सेंट्रल प्रभारी अधिकारी, भागलपुर सह डायरेक्टर, मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंस के प्रवीण रंजन ने पीरपैंती प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्तर पर उनके प्रभाव की जानकारी ली गई।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इसके उपरांत प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
निरीक्षण क्रम में नीति आयोग की टीम प्रखंड कार्यालय से शेरमारी हाई स्कूल पहुंची। यहां प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बालदेव ठाकुर, शिक्षक ओम यादव, संजय कुमार सहित अन्य शिक्षकों के साथ विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, संचालन प्रणाली और शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत संवाद किया गया। अधिकारियों ने छात्रों की उपस्थिति, शिक्षकों की व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद टीम पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंची, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रणब कुमार से सुझाव और आवश्यक सुधारों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मरीजों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानी।
इसके पश्चात नीति आयोग की टीम सीमानपुर पहुंची, जहां मृदा स्वास्थ्य कार्ड आधारित प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत किसानों से मुलाकात की गई। किसानों से योजनाओं के लाभ, मिट्टी जांच की उपयोगिता और फसल उत्पादन में हो रहे सुधार को लेकर जानकारी ली गई। किसानों ने योजनाओं से मिल रहे लाभ और कुछ समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
वहीं, सीमानपुर में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, आय के साधन, चुनौतियों और समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने उन्हें सरकारी योजनाओं से अधिक से अधिक जुड़ने का सुझाव दिया।
निरीक्षण के दौरान नीति आयोग की टीम ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति और जमीनी हकीकत का आकलन किया। इस अवसर पर बीडीओ अभिमन्यु कुमार, सीओ चंद्रशेखर कुमार, बीपीआरओ कामेश्वर नारायण सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
