बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में गया जिले की बेटी निशु कुमारी ने आर्ट्स संकाय में टॉप कर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। खिजरसराय प्रखंड स्थित यशवंत हाई स्कूल की छात्रा निशु ने 500 में से 479 अंक हासिल कर यह ऐतिहासिक सफलता अपने नाम की है।
निशु कुमारी गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के लोदीपुर गांव की निवासी हैं। उनके पिता अमोद कुमार एक छोटे किसान हैं, जबकि माता रिंकी देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद निशु ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
निशु की इस शानदार उपलब्धि से पूरे गांव, स्कूल और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। यशवंत हाई स्कूल के शिक्षक और प्रबंधन ने उसे बधाई देते हुए कहा कि निशु की सफलता अन्य छात्रों के लिए एक प्रेरणा है। उसकी मेहनत और अनुशासन ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं।
निशु कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित पढ़ाई को दिया है। उन्होंने बताया कि वह रोजाना 8 से 9 घंटे तक पढ़ाई करती थीं और अपने लक्ष्य पर हमेशा केंद्रित रहीं। निशु का सपना है कि वह आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के लिए कुछ बेहतर करें और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।
जैसे ही निशु के टॉपर बनने की खबर गांव में पहुंची, लोगों का उसके घर पर बधाई देने के लिए तांता लग गया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। हर कोई उसकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
खिजरसराय की इस होनहार बेटी ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। निशु कुमारी की यह सफलता पूरे बिहार के छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
