भागलपुर में एक एनजीओ की फास्टेक प्रशिक्षण टीम पर हमला और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। KVGVM नामक संस्था ने जीरोमाइल स्थित एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

 

संस्था के प्रतिनिधियों के अनुसार, उनकी टीम कहलगांव के एकचारी थाना क्षेत्र में फास्टेक प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कार्य कर रही थी। एनजीओ का दावा है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केंद्र सरकार, राज्य सरकार और जिला प्रशासन की अनुमति से विधिवत संचालित किया जा रहा था और इसके लिए सभी आवश्यक कागजात भी उनके पास मौजूद थे।

 

बताया गया कि 24 फरवरी को जीरोमाइल स्थित एक विवाह भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था। इसके बाद जब टीम पंजीकरण प्रक्रिया में जुटी थी, तभी कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इन लोगों ने टीम के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।

 

एनजीओ ने रौशन सिंह और यूट्यूबर बादल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संस्था के मुताबिक, इन दोनों के नेतृत्व में कुछ लोगों ने टीम पर हमला किया, जिसमें टीम हेड सहित कई सदस्य घायल हो गए। इतना ही नहीं, 50 से 60 प्रतिभागियों से एकत्र की गई पंजीकरण राशि भी जबरन छीन ली गई।

 

जिला समन्वयक जैनी कुमार ने बताया कि आरोपियों द्वारा 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए गए, साथ ही करीब 1500 रुपये नकद भी ले लिए गए। इस पूरी घटना से टीम के सदस्यों में भय और आक्रोश का माहौल है।

 

मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल, यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *