Bihar के West Champaran district अंतर्गत Ramnagar थाना क्षेत्र के धानरपा गांव से दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में मोबाइल फोन नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने 21 वर्षीय पिंकी कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी और घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पिंकी की शादी कुछ समय पहले हुई थी। शादी में दहेज के रूप में नकद राशि और फर्नीचर दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मोबाइल फोन की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी मांग को लेकर पिंकी को बार-बार प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं भी होती थीं।
पिंकी के पिता ने होली के बाद मोबाइल खरीदकर देने का आश्वासन दिया था, लेकिन ससुराल वालों का अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा था। जब कई दिनों तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो सका, तो चिंतित पिता धानरपा स्थित उसके ससुराल पहुंचे। वहां घर के बाहर ताला लटका देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रामनगर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का दृश्य देख सब सन्न रह गए। कमरे में पिंकी कुमारी का शव पड़ा था। उसके गले पर काले निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है, जहां लालच ने एक और बेटी की जान ले ली।
