नवगछिया. नवगछिया के नये पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। वहीं, निवर्तमान एसपी प्रेरणा कुमार का तबादला लखीसराय कर दिया गया है। पदभार संभालने के बाद एसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी प्राथमिकताओं और कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।


प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि नवगछिया क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

इसके लिए उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में होने वाले विभिन्न प्रकार के अपराधों और प्रमुख समस्याओं पर गहन चर्चा की है। उन्होंने कहा कि अपराध के बदलते ट्रेंड को ध्यान में रखते हुए पुलिस की रणनीति भी समय-समय पर बदली जायेगी।


एसपी ने विशेष रूप से साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इस दिशा में पुलिस सतर्कता बढ़ाएगी। लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ साइबर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी।


इसके अलावा, उन्होंने पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि आम जनता के सहयोग के बिना अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। इसलिए लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।


एसपी राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाये रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस टीम पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *