भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रहा है. इसी कड़ी में अगली पीढ़ी के अमृत भारत कोच का नया सैंपल तैयार किया गया है, जिसकी तस्वीरें सामने आने के बाद साफ है कि ट्रेन यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक और आधुनिक होने वाली है.

शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इन नए कोचों के इंटीरियर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने डिजाइन, सुविधाओं और सुरक्षा मानकों का बारीकी से  जायाजा लिया. नए कोचों में आकर्षक रंग संयोजन का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यात्रियों को एक ताजगी भरा अनुभव मिलेगा.

कोचों में पीवीसी फ्लोरिंग, आरामदायक सीट-बर्थ रेक्सीन, स्नैक टेबल, पर्दे और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं दी गई हैं. खास बात यह है कि इन सभी सामग्रियों को HL3 फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.

रेल मंत्री ने इस पहल को भारतीय रेलवे के लिए एक बड़ा कदम बताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नए डिजाइन के कोच और बेहतर टॉयलेट मॉडल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं. उन्होंने अधिकारियों से मिलकर काम करने और यात्री अनुभव को और बेहतर बनाने का आह्वान किया.

इसके अलावा रेल भवन में आयोजित एक देशव्यापी समीक्षा बैठक में भी मंत्री ने साफ किया कि गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा देना रेलवे की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे स्टेशन देश की छवि को दर्शाते हैं, इसलिए उनकी साफ-सफाई और सुव्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है.

कुल मिलाकर, अमृत भारत कोच का यह नया स्वरूप भारतीय रेलवे को आधुनिकता की दिशा में एक मजबूत कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यात्रियों का सफर और भी सुगम और सुखद बनने वाला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *