बिहार के दरभंगा जिले से मंगलवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बाल सुधार गृह से 12 बाल कैदी फरार हो गए। घटना ने जिले के प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात लगभग 11 बजे बाल सुधार गृह में तैनात सुरक्षा गार्डों पर अचानक कई बच्चों ने हमला कर दिया। बच्चों ने हाथ में आए डंडों और ईंटों से गार्डों को घायल कर दिया, जिसके बाद मौका पाकर 12 बच्चे सुधार गृह के पीछे की दीवार फांदकर भाग निकले।

गौर करने वाली बात यह है कि घटना के समय बाहर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जिसमें बाल कैदी एक-एक कर ऊंची दीवार कूदते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन की टीम और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तुरंत कई टीमों का गठन कर रातों-रात छापेमारी शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 फरार बाल कैदियों को पकड़कर वापस सुधार गृह भेज दिया गया है, लेकिन शेष 7 फरार बच्चों की तलाश अभी भी जारी है।

दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने बताया,
“कुल 12 बच्चे फरार हुए थे। पुलिस ने 5 को पकड़ लिया है। बाकी 7 के लिए छापेमारी जारी है। जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।”

पुलिस ने लहेरियासराय और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चला दिया है। इसके साथ ही शहर के कई इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि भागे हुए बच्चों की लोकेशन का पता लगाया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दरभंगा बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था लंबे समय से सवालों के घेरे में रही है। कई बार यहां कर्मियों की लापरवाही, अनुशासनहीनता और सुरक्षा कमजोरियों की शिकायतें सामने आई हैं। घटना ने एक बार फिर सुधार गृह की व्यवस्था की पोल खोल दी है।

अब पूरे मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और गार्डों पर अचानक हमला कैसे संभव हो गया।

जिले की पुलिस टीम जल्द से जल्द सभी फरार बच्चों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *