नवगछिया के लिए यह गर्व का क्षण है। मक्खातकिया, नवगछिया निवासी प्रज्ञा भारती का चयन भारतीय महिला बॉल बैडमिंटन टीम में हुआ है। वह 27 से 29 दिसंबर तक पटना के बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना में आयोजित होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा किया जा रहा है।
प्रज्ञा भारती शिक्षक राजेन्द्र प्रसाद मंडल एवं शिक्षिका शीला देवी की पुत्री हैं। महिला वर्ग में चयनित दो खिलाड़ियों में से एक प्रज्ञा भारती का चयन पूरे नवगछिया और भागलपुर क्षेत्र के लिए उपलब्धि मानी जा रही है। उनके साथ वैशाली की साक्षी कुमारी भी महिला टीम में शामिल हैं, जबकि पुरुष वर्ग में मधेपुरा के दीपक प्रकाश रंजन का चयन हुआ है।
राज्य प्रवक्ता सह नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार ने बताया कि इन खिलाड़ियों का चयन 8 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित भारतीय टीम चयन प्रतियोगिता और पूर्व में सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। चयन में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और निरंतर प्रदर्शन को प्रमुख मानदंड बनाया गया।
बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव वाई. राजा राव के पत्र के हवाले से जानकारी दी कि दीपक प्रकाश रंजन भारतीय पुरुष टीम में बैक पोजीशन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि महिला टीम में साक्षी कुमारी और प्रज्ञा भारती फ्रंट पोजीशन पर खेलेंगी।
भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। भागलपुर जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के मुख्य संरक्षक सह बिहपुर विधायक ई. कुमार शैलेंद्र, संघ अध्यक्ष मनोज कुमार लाल, कोषाध्यक्ष दिव्य प्रियदर्शी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर सहित कई खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने प्रज्ञा भारती को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रज्ञा भारती की यह उपलब्धि न केवल नवगछिया बल्कि पूरे बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
