होली पर्व के मद्देनजर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल मंत्रालय ने विशेष तैयारियां की हैं। इसी क्रम में नवगछिया रेलवे स्टेशन पर छह जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी। अब यात्रियों को त्योहार के दौरान कन्फर्म सीट पाने और भीड़भाड़ से जूझने में राहत मिलने की उम्मीद है।


स्टेशन सलाहकार सदस्य मुकेश राणा ने जानकारी दी कि फिलहाल छह स्पेशल ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इसके अलावा दो से तीन और स्पेशल ट्रेनों के परिचालन और ठहराव की संभावना भी बनी हुई है। यदि ऐसा होता है तो होली के अवसर पर यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सकेगी।


कटिहार-अमृतसर स्पेशल (04614/04613) का संचालन अमृतसर से प्रत्येक बुधवार 25 फरवरी से 5 मार्च तक तथा कटिहार से प्रत्येक शुक्रवार 27 फरवरी से 7 मार्च तक किया जाएगा। दिल्ली-कामाख्या स्पेशल (04068/04067) दिल्ली से बुधवार 25 फरवरी से 7 मार्च तक और कामाख्या से शुक्रवार 27 फरवरी से 9 मार्च तक चलेगी।
आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल (04008/04007) आनंद विहार से बुधवार 25 फरवरी से 2 मार्च तक तथा जोगबनी से गुरुवार 26 फरवरी से 3 मार्च तक संचालित होगी। नारंगी-गोरखपुर स्पेशल (05633/05634) 19 फरवरी से 26 मार्च तक साप्ताहिक रूप से चलेगी।


टाटा-कटिहार स्पेशल (08181/08182) दो मार्च से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को टाटा से और तीन मार्च से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार को कटिहार से परिचालित होगी। वहीं मोहाली-कटिहार स्पेशल का संचालन मोहाली से बुधवार 25 फरवरी से 5 मार्च तक तथा कटिहार से गुरुवार 26 फरवरी से 6 मार्च तक किया जाएगा।
इन विशेष ट्रेनों के ठहराव से नवगछिया क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और होली का सफर अधिक सुगम व सुविधाजनक बन सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *