नवगछिया थाना क्षेत्र में होली के दौरान हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को तेतरी जीरोमाइल के पास एक युवक के गोली लगने से घायल होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया।

 

जांच में पता चला कि घायल युवक अजय कुमार खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपने दोस्तों गुलशन कुमार और नीरज कुमार के साथ होली के मौके पर परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा गांव अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने अजय कुमार को गोली मार दी और उसके दोनों दोस्तों की हत्या कर दी। अगले दिन दोनों युवकों के शव नवगछिया थाना क्षेत्र से बरामद किए गए।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। मामले के त्वरित खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसमें नवगछिया, गोपालपुर और परबत्ता थाना के साथ डीआईयू टीम को भी शामिल किया गया।

 

तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस मामले में नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजो देवी, देवो मंडल और विजय मंडल को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल अजय कुमार का मुख्य आरोपी नीतीश कुमार की बहन के साथ प्रेम संबंध था। घटना के दिन अजय कुमार युवती के घर में मौजूद था, जबकि उसके दोनों दोस्त बाहर निगरानी कर रहे थे। इसी बीच युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई और गुस्से में आकर सभी को कलबलिया धार के पास केला बागान में ले जाकर गोली मार दी गई।

 

गोली लगने के बाद अजय कुमार किसी तरह घायल अवस्था में वहां से भाग निकला, जबकि दोनों युवकों की हत्या कर शवों को सड़क किनारे फेंक दिया गया।

 

इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *