भागलपुर में गंगा नदी की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर नेचर क्लब ने सराहनीय पहल की है। क्लब की ओर से बरारी स्थित हनुमान गंगा घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य गंगा को प्रदूषण से मुक्त रखना और आम लोगों को इसके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान क्लब के सदस्यों ने घाट परिसर में फैले प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य नॉन-बायोडिग्रेबल कचरे को एकत्र कर उसकी सफाई की। सुबह से ही सदस्य जुट गए और घाट के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्य किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी अभियान में हिस्सा लिया और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
नेचर क्लब के सदस्य प्रशांत झा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गंगा नदी में प्लास्टिक या अन्य अविनाशी कचरा न डालें। उन्होंने बताया कि ऐसे कचरे से नदी का जल प्रदूषित होता है, जलीय जीवों पर दुष्प्रभाव पड़ता है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने गंगा नदी की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि आस्था और जीवन का प्रतीक है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर जागरूकता दिखाए, तो गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना संभव है।
अभियान के समापन पर स्थानीय लोगों ने नेचर क्लब की पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
यह स्वच्छता अभियान न केवल गंगा घाट की सफाई तक सीमित रहा, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे गया।
