भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट, छिनतई, गोलीबारी समेत कई संगीन मामलों में फरार चल रहे कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाबूटोला के समीप छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार अपराधी की पहचान पुरानीसराय निवासी अंटा मंडल के रूप में की गई है, जो लंबे समय से इलाके में अपराध का पर्याय बना हुआ था।

 

नाथनगर पुलिस के अनुसार, अंटा मंडल अपने गुर्गों के साथ मिलकर लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा है। करीब छह माह पूर्व पुरानीसराय इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में भी अंटा मंडल की संलिप्तता सामने आई थी। उस गोलीबारी में एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। उस समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथियार और गोली के साथ कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन अंटा मंडल फरार होने में सफल हो गया था।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हाल के दिनों में नाथनगर और आसपास के इलाकों में हुई मोबाइल छिनतई की घटनाओं में भी अंटा मंडल की भूमिका रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद स्वीकार किया कि वह इन घटनाओं में शामिल था। उसने यह भी कबूल किया कि बायपास और पुरानीसराय क्षेत्र में होने वाली अधिकतर छिनतई की घटनाओं में या तो वह स्वयं शामिल रहता था या फिर उसके गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देते थे।

 

इसी कड़ी में मधुसूदनपुर पुलिस द्वारा चार-पांच दिन पहले कट्टा और गोली के साथ गिरफ्तार किए गए दो अपराधियों का भी तार अंटा मंडल के गिरोह से जुड़ा पाया गया है। पूछताछ में अंटा मंडल ने खुद यह जानकारी पुलिस को दी कि वे दोनों उसके ही ग्रुप के सदस्य हैं और उनका मुख्य काम अपराध करना है।

 

पुलिस का कहना है कि पुरानीसराय इलाके में अंटा मंडल के नाम का काफी दहशत था। स्थानीय लोग उसके आतंक के कारण खुलकर शिकायत करने से भी डरते थे। नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अपराध से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने यह भी बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद शनिवार को आरोपी अंटा मंडल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी से नाथनगर, पुरानीसराय और बायपास क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर लगाम लगेगी और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *