बिहार के सहरसा जिले से एक गंभीर और लापरवाही से जुड़ा मामला सामने आया है, जहां शहर के नया बाजार इलाके में मुख्य सड़क पर लगा बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है। यह ट्रांसफार्मर नया बाजार से हवाई अड्डा जाने वाली मुख्य सड़क के बिल्कुल किनारे स्थित है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग और प्रशासन को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दरअसल, आरसीडी विभाग द्वारा इस मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और निर्माण मद की राशि का भुगतान भी हो चुका है, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के बावजूद सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर को शिफ्ट नहीं किया गया। इसका सीधा खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
ट्रांसफार्मर सड़क के बेहद नजदीक होने के कारण बाहरी इलाकों से आने वाले भारी वाहनों के लिए यह मार्ग काफी जोखिम भरा बन गया है। खासकर रात के समय या अधिक लोड वाले वाहनों के गुजरने पर किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। बुधवार को इसी मार्ग से गुजर रहा एक ट्रक, जिसमें पोकलेन मशीन लदी हुई थी, नया बाजार पहुंचते ही ट्रांसफार्मर के पास फंस गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि इस ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद भी इस तरह की लापरवाही समझ से परे है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और आम जनता को इस खतरे से राहत मिल पाती है।
